एका (फिरोजाबाद)। एका क्षेत्र में एक महिला की फांसी लगाने से मौत हो गई। महिला के मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज की खातिर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मैनपुरी निवासी पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना एका के गांव पूरखेड़ा निवासी शिल्पी (23) पत्नी राहुल यादव की फांसी लगाने से मौत हो गई। सूचना उसके मायका जिला मैनपुरी थाना बेबर के गांव फतेहगढ़ी निवासी पिता हवलदार सिंह पुरखेड़ा पहुंच गए। मायका पक्ष के आते ही ससुरालीजन फरार हो गए।
उन्होंने घटना की सूचना इलाका पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है। बताया जा रहा है कि महिला ने घर के अंदर फांसी लगाने से मौत हुई है। शिल्पी के पिता हवलदार सिंह का कहना है कि उसकी शादी फरवरी 2019 में की थी। शादी के बाद से ही दहेज की खातिर ससुरालीजन परेशान कर रहे थे। कई बार पंचायत कर मामले को शांत भी कराया गया। आरोप है ससुरालियों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी है। थानाध्यक्ष एका रवींद्र सिंह ने कहा कि पिता की तहरीर पर पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज की खातिर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।