पुष्पेंद्र (गोली लगने से घायल)
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद-मुस्तफाबाद मार्ग पर एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल ने अपने साले एवं ससुर पर गोली मारने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि चचिया ससुर का साथ देने के कारण आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। थाना एका के गांव राजगढ़ हाल निवासी यदुवंश नगर शिकोहाबाद पुष्पेंद्र (23) पुत्र रामबाबू परिवार के साथ शिकोहाबाद में रहता है। मंगलवार को वह बाइक उठाने के लिए शिकोहाबाद मुस्तफाबाद मार्ग स्थित सर्विस सेंटर जा रहा था। आरोप है कि नगला सुखी स्थित भट्ठे के पास पुष्पेंद्र का साला एवं ससुर मिल गए।
इस दौरान उन्होंने रोक लिया। विरोध करने पर साले ने फायरिंग कर दी और गोली उसकी बाह में लगी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही घायल पुष्पेंद्र के जसराना से रिश्तेदार के साथ अन्य साथी आ गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल पुष्पेंद्र ने कहा कि साले ने अपना खेत बेच दिया था। इस मामले में वह चचिया ससुर के साथ तहसील चला गया था। इस बात से ससुर और साला उससे रंजिश मानता है। पीड़ित ने घटना के संबंध में थाना जसराना में तहरीर दी है।