शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। बाजार से घर जा रहे शिक्षक से तमंचे के बल पर युवकों ने पांच हजार रुपये की नकदी, मोबाइल और बाइक लूट ली। पीड़ित ने तहरीर दी है। नगला जवाहर निवासी शिक्षक नरेंद्र सिंह पुत्र जगत नरायन अलीगंज स्थित अमरोली रतनपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। मंगलवार शाम सात बजे वह शिकोहाबाद से बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। नगला जवाहर और आमरी के बीच उन्हें दो युवक मिले और गांव जाने की रास्ता पूछने लगे। नरेंद्र सिंह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही युवकों ने उन पर तमंचा तान दिया।
इसके बाद युवकों ने नरेंद्र की जेब से पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक शिक्षक की बाइक भी ले गए। युवकों के जाने के बाद शिक्षक के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। शिक्षक ने मौके पर मौजूद ग्रामीण के मोबाइल से डायल हंड्रेड पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और और पीड़ित से घटना की जानकारी की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि पीड़ित ने तहरीर दी है। मामले की जांच कर लुटेरों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।