जसराना- जसराना कोतवाली में हत्यारोपी पुलिस के साथ
- फोटो : FIROZABAD
जसराना(फिरोजाबाद)। थाना जसराना के नगला वदिकन में तीन माह पूर्व सोबरन की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आलाकत्ल डंडे को बरामद कर लिया है। प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर गांव के तीन युवकों ने डंडे से हत्या कर सोबरन के शव को को नहर में फेंक दिया था। विगत 16 मार्च को नगला वदिकन निवासी सोबरन सिंह के कपडे़ एवं काफी मात्रा में खून खेतों में पड़ा मिला था। कपडे़ और खून मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस के तलाशने पर सोबरन का श्व थाना दन्नाहार क्षेत्र में नहर में बहता मिला था।
मामले में पुत्र ओमवीर की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। जांच के बाद पुलिस ने गांव के नगला वदिकन निवासी आशीष कुमार एवं अनिरुद्घ कुमार को पटीकरा नहर पुल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया आशीष के गांव की एक युवती से संबंध थे। इसका सोबरन विरोध करता था। वहीं आशीष को जातिसूचक शब्द कहकर चिढ़ाता था। इस पर आशीष ने अपने दो साथियों के साथ होली की चौपाई के दौरान शराब पिलाकर उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया। सीओ बलदेव सिंह खनेड़ा ने बताया कि कोतवाल अनूप कुमार भारतीय की टीम ने हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। हत्या प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर की गई थी। वहीं एक आरोपी फरार है।