फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर आसफाबाद राठौरनगर से रविवार रात से लापता युवक का शव सोमवार को सुबह भारत टॉकीज के सामने रेलवे लाइन पर मिला है। शव मिल जाने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की शादी पांच फरवरी 2020 को हुई थी।
थाना रसूलपुर के आसफाबाद भारत टॉकीज के सामने रेलवे लाइन पर अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर काफी लोग एकत्रित हो गए। पुलिस ने शिनाख्त भी कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। तलाशी के दौरान जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना पर आसफाबाद राठौर नगर निवासी राजवीर सिंह पहुंचे।
उन्होंने उसकी शनाख्त अपने बेटे नीरज राठौर के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने को जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता राजवीर सिंह का कहना था कि नीरज राठौर (22) रविवार रात नौ बजे घर से बिना कुछ कहे लापता हो गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। देररात तक खोजबीन करने के बाद उसका कोई पता नहीं चला था। पिता का कहना है कि उसकी पांच फरवरी को शादी हुई थी। एसएचओ फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने कहा कि युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।