ग्राम मौढा में हाइवे के किनारे मकान में युवक की हत्या के बाद मौके पर जांच करती पुलिस टीम
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर के ग्राम मोढ़ा में युवक का शव मकान के अंदर पड़ा मिला। बाहर बाउंड्री में उसे घसीटने के निशान भी बने हैं। इससे साफ है कि युवक की हत्या की गई है। सूचना पर एसपी सिटी, सीओ सिटी सहित काफी फोर्स पहुंच गया। जांच के लिए फोरेंसिंक टीम, डाग स्क्वैड को भी बुलाया गया। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। परिजनों ने युवक की हत्या की तहरीर दी है।
थाना रसूलपुर के मोढ़ा के निवासी ऋषि कुमार पचौरी (35) पुत्र रमाशंकर पचौरी हाईवे किनारे मकान बनाकर रहता था। रविवार को मकान के दरवाजा खुले देखकर आस-पास के लोगों पे घर में जाकर देखा तो वह शव देखकर मृतक के चाचा को सूचना दी। सूचना पर ऋषि चाचा शंभूनाथ एवं रवि पचौरी कांग्रेस नेता रामनिवास यादव, शैलेंद्र शुक्ला के साथ पहुंच गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह व सीओ सिटी इंदुप्रभा सिंह,एसएचओ रसूलपुर बीडी पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। ऋषि के मुंह एवं नाक से खून निकल रहा था।
बदन पर एक नेकर था और बनियान उतरी पड़ी थी। बाउंड्री में घसीटने के निशान भी मिले। इस पर एसपी सिटी ने तत्काल मौके पर फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वैड टीम को बुलाया। मौके पर जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के चाचा ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए तहरीर दी है।
ननिहाल की भूमि बेचकर बनाया था मकान
परिजनों की मानें तो ऋषि कुमार पचौरी के ननिहाल में भूमि मिली थी। उसकी बिक्री करने के बाद उसने हाईवे किनारे मकान बनाने के साथ गांव में प्लाट खरीदा था। शेष पैसा उसके पास था। उसने शिकोहाबाद में एक बाबा को पांच लाख रुपये तथा कुछ रुपये हापुड़ के साधु को दिए थे।
सुसाइड नोट भी मिला
परिजनों की मानें तो पुलिस को मकान के अंदर उसकी जेब में नकदी और सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें भगत टेकचंद्र के नाम का जिक्र किया गया है। लिखा है वह 1986 से वह उसका (ऋषि पचौरी) का खून चूसता चला आ रहा है। मकान को बेचकर तीन हजार रुपये न्यू लक्ष्मी बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के भुगतान करने व शव का पोस्ट मार्टम न कराके समाधि बनवाने की बात लिखी है।