रविवार दोपहर मिरहची स्थित पेट्रोल पंप के पास हुए कार हादसे में मृत वसीम, मोहम्मद इमामुद्दीन, हासिम के शव रसूलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला अशरफगंज पहुंचे तो परिवारीजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग और सपा नेता मृतक परिवारीजनों को सांत्वना देने के लिए पहुुंचे।
गौरतलब है कि पुराना रसूलपुर निवासी शेर मोहम्मद की बारात में शामिल होने के लिए रविवार को मोहल्ला असरफगंज निवासी वसीम अहमद (20) मो. इमामुद्दीन (28), नदीम, हासिम, मु. इस्लाम, शान मोहम्मद कार से जा रहे थे। कार शान मोहम्मद चला रहा था। दोपहर करीब तीन बजे मिरहची स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने से वाहन को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में वसीम, मो. इमामुद्दीन ने दम तोड़ दिया। जबकि नदीम, हाशिम को आगरा रेफर किया गया। सोमवार को हाशिम की भी मौत हो गई। सभी शव जब अशरफगंज लाए गए तो परिवारीजनों में कोहराम मच गया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव और शमशाद बाबा ने पीड़ित परिवारीजनों को सांत्वना देने के साथ ही हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। इस दौरान मीडिया प्रभारी अशफाक खां, रामकुमार शर्मा, शहजाद, शमीउद्दीन, टीपू सुल्तान आदि मौजूद थे।