फिरोजाबाद। नालबंदान चौराहे से रसूलपुर थाना तक मौजूदा सड़क को शहर के दूसरे स्मार्ट रोड का तोहफा मिल सकता है। निगम ने उक्त सड़क के कायाकल्प को जरूरी कार्य योजना का प्रस्ताव शासन को भेजा है। जलेसर रोड के चौड़ीकरण में पर्याप्त चौड़ाई न मिलने के कारण इस सड़क को प्रस्ताव में शामिल नहीं किया गया। नगर निगम एरिया में निर्माणाधीन सुभाष तिराहा से स्टेशन रोड तक स्मार्ट रोड के अलावा एक अन्य प्रमुख मार्ग की दशा में सुधार होगा। चौराहा नालबंदान से थाना रसूलपुर तक स्थित करीब 800 मीटर लंबे सड़क मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किए की कार्य योजना बनाई है। हालांकि इस कार्य योजना प्रस्ताव को फिलहाल मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया है। शासन की मंजूरी के बाद ही इस सड़क के कायाकल्प की आस पूरी होगी।
-
सड़क सहारे पौधरोपण रखा जाएगा खास ख्याल
निगम द्वारा शासन को भेजे प्रस्ताव में चौराहा नालबंदान से रसूलपुर तक सड़क सहारे दोनों ओर पौधरोपण भी कराया जाएगा। सड़क पटरी इंटरलॉकिंग के साथ ही पौधरोपण को कंक्रीट के गमले आदि भी स्थापित होंगे।
-
जलेसर रोड का प्रस्ताव पड़ सकता है खटाई में
शासन के निर्देशों के बाद शुरू में जलेसर रोड से ककरऊ कोठी, जाटवपुरी से हाजीपुरा एवं नालबंदान से थाना रसूलपुर तक स्मार्ट रोड बनाने की संभावनाएं तलाशी गईं। लेकिन जलेसर रोड एवं हाजीपुरा क्षेत्र में सड़क पर पर्याप्त चौड़ाई नहीं मिल पाने की वजह से दोनों जगहों का मामला खटाई में पड़ गया।
-
शहर की सड़कों को आधुनिकरण के जरिए ठीक कराने का प्लान है। शासन के निर्देशों के बाद नालबंदान से थाना रसूलपुर तक अत्याधुनिक सड़क बनाने का प्रस्ताव मंजूरी के लिए शासन को भेजा जा रहा है।
कामिनी राठौर, महापौर