फिरोजाबाद। भीम आर्मी (भारत एकता मिशन) के जिलाध्यक्ष एवं आजाद समाज पार्टी के पूर्व प्रत्याशी नरेश कुमार की सोशल मीडिया पर झूठी और आपत्तिजनक पोस्ट डालकर छवि धूमिल करने के मामले में अदालत ने कड़ा संज्ञान लिया है। सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एफटीसी/एसीजेएम सौम्या भारद्वाज की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे परिवाद के रूप में दर्ज कर लिया है।
पीड़ित नरेश कुमार ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि विपक्षी नरेंद्र पाल सिंह ने 14 जून 2026 को अपनी फेसबुक आईडी से उनके खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्हें फर्जी पुलिस वाला, बहरूपिया और जमीनों पर कब्जा करने वाला बताते हुए उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई गई। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज न किए जाने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए बयान दर्ज कराने के लिए अगली सुनवाई हेतु 6 सितंबर 2026 की तिथि नियत की है। संवाद