फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Firozabad News: मासूम की मौत के मामले में कोर्ट ने मौसी को भेजा जेल

Sat, 06 Jun 2026 12:05 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
विज्ञापन
तनवीर उर्फ मुन्ना मौत प्रकरण में पुलिस हिरासत में आरोपी वंदना। स्रोतः पुलिस - फोटो : तनवीर उर्फ मुन्ना मौत प्रकरण में पुलिस हिरासत में आरोपी वंदना। स्रोतः पुलिस
विज्ञापन
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के कृष्णा नगर में दो बहनों की लड़ाई में छह माह के मासूम तनवीर उर्फ मुन्ना की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी मौसी वंदना को कृष्णा नगर की गली से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दूसरी तरफ, बृहस्पतिवार शाम को मासूम के अंतिम संस्कार के बाद से ही इस मामले में नया मोड़ आ गया है। अब यह पूरा मामला कानूनी कार्रवाई और पारिवारिक समझौते के बीच उलझ गया है।
विज्ञापन

मासूम तनवीर के पिता कन्हैया का आरोप है कि बच्चे की मौत के बाद से ही उनके चचिया ससुर और सास उन पर केस वापस लेने और समझौता करने का लगातार दबाव बना रहे हैं। कन्हैया ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे और अपने बेटे की मौत का इंसाफ लेकर रहेंगे। बेटे की मौत और पत्नी के बदले रुख से टूट चुके पिता कन्हैया ने अब अपनी ससुराल छोड़ दी है। वह थाना उत्तर क्षेत्र के लोहिया नगर में अपनी मौसी मंजू के घर पर ठहरे हुए हैं। रुंधे गले से कन्हैया ने कहा, इस शहर ने मुझे बहुत दर्द दिया है, मेरी हंसती-खेलती दुनिया उजाड़ दी। अब मैं यहां नहीं रहूंगा और वापस अपने शहर कासगंज चला जाऊंगा।


मां बोली...बहन की जिंदगी क्यों खराब करें, बेटा तो चला गया
हैरान करने वाली बात यह है कि जिस मां संजना ने अपनी सगी बहन वंदना के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, अब उसके सुर बदल गए हैं। संजना का कहना है कि वह मायके वालों के समझाने पर समझौते के लिए तैयार है। उसका कहना है कि बेटा तो अपनी जान गंवा चुका है, अब अविवाहित बहन की जिंदगी जेल में क्यों कटने दी जाए, क्योंकि इससे उसका बच्चा वापस नहीं आएगा। शुक्रवार को संजना अपने पति कन्हैया को साथ लेकर थाने भी पहुंची। बहन से मुलाकात भी की।
विज्ञापन




यह है पूरा मामला
थाना उत्तर के कृष्णा नगर में बजरंग चौराहे के पास एक किराए के मकान में ससुरालियों के साथ मूल रूप से कासगंज शहर की ठंडी सड़क, नाथूराम मोहल्ले का रहने वाला कन्हैया मार्च माह से रह रहा है और ई-रिक्शा चलाता है। कन्हैया और संजना ने तीन साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। संजना की बहन वंदना भी इसी घर में साथ रहती थी। बुधवार रात दंपती मेला देखकर करीब 12 बजे घर लौटे थे। छह माह का बेटा तनवीर कमरे में बेड पर पड़ा रो रहा था। बच्चे को रोता देख संजना ने अपनी बहन वंदना को दूध न पिलाने के लिए डांटा था। इस बात पर दोनों बहनों में तीखी बहस शुरू हो गई। गुस्से में आकर संजना ने वंदना को तमाचा मार दिया था। इस पर वंदना आग बबूला हो गई। दोनों बहनों में गुत्थमगुत्थी शुरू हो गई। लड़ते-लड़ते दोनों बहनें अनियंत्रित होकर बेड पर ही लेटे छह माह के मासूम तनवीर के ऊपर जा गिरीं। इससे तनवीर की मौत हो गई थी। संजना ने अपनी बहन वंदना पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।



एसपी ने कहा - परिवार के समझौते से मतलब नहीं, कोर्ट में पेश करेंगे सबूत
- एसपी सिटी ने कहा, पुलिस अपनी ओर से दाखिल करेगी मजबूत चार्जशीट
- पड़ोसियों को भी बनाया जा रहा गवाह, बंद कमरे के सच से कोर्ट में उठेगा पर्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। मासूम तनवीर की मौत के मामले में भले ही पारिवारिक स्तर पर समझौते के प्रयास शुरू हो गए हों और बच्चे की मां के सुर बदल गए हों, लेकिन कानून इस मामले में कोई ढील देने के मूड में नहीं है। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद का कहना है कि पुलिस इस मामले को अंजाम तक पहुंचाकर रहेगी और उसे परिवार के आपसी समझौते से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस इस गैर-इरादतन हत्या के मामले में अपनी ओर से अदालत में मजबूत चार्जशीट दाखिल करेगी। कानून के मुताबिक यह एक गंभीर अपराध है, जिसे केवल आपसी रजामंदी के आधार पर बंद नहीं किया जा सकता। पुलिस अब वैज्ञानिक और जमीनी साक्ष्य तलाश रही है। घटना के वक्त आसपास मौजूद और चीख-पुकार सुनने वाले पड़ोसियों को भी इस केस में गवाह बनाया जा रहा है, ताकि ससुराल पक्ष के मुकरने पर भी केस कमजोर न पड़े। पोस्टमार्टम रिपोर्ट (जिसमें सिर की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है) और विसरा रिपोर्ट के तकनीकी साक्ष्यों को जोड़कर एक ऐसी चार्जशीट तैयार की जा रही है, जिससे आरोपी को सजा मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें