फिरोजाबाद। कक्षा नवमीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को भविष्य की राह आसान बनाने के लिए सबसे ज्यादा काउंसलिंग की जरूरत होती है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने पंख पोर्टल तैयार किया था। अब एप पर पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पोर्टल के जरिए विद्यार्थी अपनी कॅरिअर संबंधी काउंसलिंग करा सकेंगे। डीआईओएस ने सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य को स्कूल के विद्यार्थियों का पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।किस क्षेत्र में भविष्य तैयार करना है, इसका राह कक्षा नवमीं के बाद तय करनी पड़ती है। लेकिन अधिकांश छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद भी अपने कॅरियर के चयन के लिए भटकाव की स्थिति में होते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अधिक कठिनाई होती है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। जिले के ऐसे माध्यमिक स्कूल जो यूपी बोर्ड के अधीन संचालित होते हैं, यहां कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को उनकी रुचि के अनुसार भविष्य की राह माध्यमिक शिक्षा विभाग का पंख पोर्टल दिखाएगा। इस पंख एप से छात्र-छात्राओें को कॅरियर काउंसिलिंग की जाएगी। इसके लिए प्रधानाचार्य बच्चों को पंख पोर्टल का लाभ बताते हुए उन्हें जागरूक करेंगे। उनका रजिस्ट्रेशन कराएंगे।
-
पंख एप छात्र-छात्राओं के भविष्य को राह दिखाने का कार्य करेगा। इससे माध्यमिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं को कॉलेज, छात्रवृत्ति, कौशल विकास कार्यक्रम, इंटर्नशिप और शिक्षा के विषय में उपलब्ध विकल्पों से संबंधित बेहतर सलाह ले सकेंगे। इसको लेकर सभी प्रधानाचार्य को निर्देशित किया है कि रजिस्ट्रेशन कराएं।
धीरेंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक