फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमित मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के मद्देनजर शासन की ओर से नामित जिले के नोडल अधिकारी एवं सचिव पीडब्ल्यूडी रंजन कुमार ने सोमवार को फिर जिले में कमान संभाल ली। उनके साथ केजीएमयू लखनऊ के आचार्य अजय कुमार आए हैं। जिले में प्रवास के साथ कोरोना संक्रमण को कंट्रोल किए जाने के लिए काम करेंगे। सोमवार को उन्होंने ट्रामा सेंटर के साथ आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया।
शासन की ओर से नामित नोडल अधिकारी एवं सचिव पीडब्ल्यूडी रंजन कुमार एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से केजीएमयू के अजय सिंह आचार्य आर्थोपेडिक्स सोमवार शाम को जिले में पहुंच गए। जिले में आने के साथ दोनों अधिकारी सीधे सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रॉमा सेंटर में खिड़की टूटी होने पर प्राचार्य को ठीक कराने के निर्देश दिए। आॉक्सीजन सिलिंडर की उपलब्धता के बारे में जानकारी किए जाने के साथ आने वालों की सूची तलब की। ट्रॉमा सेंटर के पीछे झाड़ी होने पर नाराजगी जाहिर की।
इसके बाद कोविड-19 मरीजों के वार्ड (आइसोलेशन वार्ड) का निरीक्षण करने को पहुंचे। निरीक्षण किए जाने के दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से व्यवस्थाओं के बारे में पूछताछ की। इसके बाद प्रेमपुर रैपुरा में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने अफसरों को हिदायत दी कि वह संक्रमित मरीजों की उचित देखभाल करें। व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें। लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान मेडिकल कालेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा, सीएमओ डॉ. एसके दीक्षित. सीएमएस डॉ. आलोक कुमार, डॉ.मनोज कुमार, एसडीएम सदर राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।