फिरोजाबाद। सुहागनगरी में कोरोना संक्रमण के आठ मरीज रविवार को मिले हैं। इसमें एक तीन साल की बालिका भी शामिल है। अब कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 3997 पहुंच गया है। वहीं सक्रिय मामले बढ़कर 54 हो गए हैं। इनमें 27 मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं। कोरोना के मामले बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग चिंतित है।
कटरा पठानान निवासी 19 वर्षीय युवती की रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई है। रामनगर निवासी 18 वर्षीय युवक और 85 वर्षीय वृद्घ भी कोरोना का शिकार हो गए हैं। हाजीपुरा चौक पार्षद वाली गली में एक 28 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। महिला ने मुंबई जाने से पूर्व कोरोना की जांच कराई थी। तिलक नगर में एक ही परिवार के तीन और कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें तीन वर्षीय बालिका, नौ वर्षीय बालिका और उनकी नानी कोरोना का शिकार हुई हैं। सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ ने संक्रमण को रोकने के लिए नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
आरोग्य मेले में 4641 मरीजों ने कराया इलाज
रविवार को आयोजित होने वाला आरोग्य मेले में मरीजों की काफी भीड़ रही। जनपद में 67 स्थानों पर लगाए स्वास्थ्य मेले में 4641 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में परिवार नियमों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही पात्रों के 200 गोल्डन कार्ड बनाए गए। वहीं, 15 मरीजों को रेफर किया गया। अधिकांश मरीज बुखार, खांसी, जुकाम आदि से पीड़ित थे।