फिरोजाबाद। जिले में बुधवार को दो हजार लोगों की जांच में सिर्फ सात ही लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2808 हो गई है। अभी तक 2460 लोग बीमारी से ठीक होकर घर जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोविड अस्पताल में तैनात वार्ड ब्वॉय कोरोना संक्रमित हो गया है।
उसकी ड्यूटी कोरोना वार्ड में लगी थी। रिपोर्ट आने के बाद उसको आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं, मेडिकल कॉलेज कैंपस का एक और कर्मचारी संक्रमित पाया गया है। उधर, गोविंद नगर बाईपास पर 80 वर्षीय बुजुर्ग, कोटला रोड कुशवाह नगर निवासी गैस एजेंसी के मैनेजर, जसराना के गांव पचवा में 28 वर्षीय युवक, लोहिया नगर में एक ही परिवार के तीन सदस्य संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को 2045 लोगों की जांच कराई थी। अभी तक स्वास्थ्य विभाग एक लाख 28 हजार 997 लोगों की जांच करा चुका है।