फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनेगा। इस कक्ष से 115 परीक्षा केंद्र जोड़े जाएंगे। डीआईओएस ने तीन दिन के अंदर कॉलेज से सीसीटीवी को लेकर रिपोर्ट मांगी है, जिससे परीक्षा केंद्र को लाइव देखा जा सके।
फरवरी माह में बोर्ड परीक्षा कराने का शिड्यूल जारी कर दिया गया है। इससे पहले 25 जनवरी से प्रयोगात्मक परीक्षा कराई जाएगी। यह प्रयोगात्मक परीक्षा भी सीसीटीवी की निगरानी में होगी। अब जिले में 115 परीक्षा केंद्र बन गए है। इससे अब कंट्रोल रूम बनाए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। डीआईओएस कार्यालय के कंट्रोल रूम के जरिए सभी केेंद्रों की निगरानी की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी है।
परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों से सीसीटीवी को लेकर रिपोर्ट तलब की है। आखिर किस हाल में कैमरे है और कहां-कहां पर लगे हुए है। कितने चालू और कितने खराब है। अगर कोई खराब है तो तत्काल इसे दुरूस्त करा ले। तीन दिन के अंदर इन कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़कर ट्रायल किया जाएगा। इससे परीक्षा के समय कोई खामी न रह जाए।
मांगी गई है रिपोर्ट
परीक्षा केंद्र तय हो गए है। कंट्रोल रूम बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। केंद्र व्यवस्थापकों से सीसीटीवी को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है।
निशा अस्थाना, डीआईओएस