फिरोजाबाद। लाइनपार थाना क्षेत्र के मीरा चौराहे पर मंगलवार रात नौ बजे वाहन चेकिंग करने के दौरान हेड कांस्टेबल ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों को थप्पड़ मार दिया। इससे आक्रोशित पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर चौराहे पर जाम लगाने का प्रयास किया। मौके पर कई थानों की पुलिस के साथ सीओ सदर पहुंचे। सीओ ने समझाकर हंगामा शांत कराया। हेड कांस्टेबिल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।एबीवीपी पदाधिकारी राज पलिया ने बताया कि रात नौ बजे वह पदाधिकारी विख्यात शर्मा, आदर्श भारद्वाज, कुलदीप शर्मा और कुशाग्र गुप्ता समेत आधा दर्जन लोगों के साथ मीरा चौराहे पर कुछ कार्यकर्ताओं का इंतजार कर रहे थे। इस बीच वाहन चेकिंग कर रहे हेड कांस्टेबल सुंदर लाल भंडारी ने कार्यकर्ताओं से चौराहे पर खड़े होने का कारण पूछते हुए उनकी बाइकों का चालान करने की धमकी दी। इसका विरोध करने पर भंडारी ने विख्यात शर्मा निवासी रसूलपुर और आदर्श भारद्वाज को थप्पड़ मार दिया। इससे कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। सूचना पर एबीवीपी के कार्यकर्ता ने मौके पर पहुंचकर जाम लगाने का प्रयास किया। सीओ सदर हीरालाल कन्नौजिया कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। सीओ ने हेड कांस्टेबल के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन देकर हंगामा शांत कराया। इंस्पेक्टर लाइनपार शेर सिंह ने पुलिस प्रशासन द्वारा हेड कांस्टेबल भंडारी को लाइन हाजिर किए जाने की जानकारी दी है।