फीरोजाबाद। सोमवार को लखनऊ में विधानसभा का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसी नेताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
लोकसभा अध्यक्ष सौरभ पोरवाल ने कहा कि प्रदेश में कानून की धज्जियां उड़ी हुई हैं। प्रदेश में अपराधी तत्व को सरकार का संरक्षण प्राप्त होने से अपराधी बेखौफ हैं और आम जनता, व्यापारी वर्ग परेशान है। प्रदेश सचिव प्रकाश निधि गर्ग ने कहा कि प्रदेश में बढ़ रही लूट, डकैती, दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने में सरकार पूरी तरह से विफल है। शांति पूर्ण प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज कर सरकार ने अपनी हठधर्मिता व बौखलाहट का परिचय दे दिया है। उन्होंने कहा कि सभी मुद्दों पर फेल सरकार को 2017 में अपनी हार निश्चित दिखाई दे रही है जिसके कारण सरकार के मंत्री उल्टे सीधे कार्यों में लिप्त हैं। कांग्रेसियों ने कोटला रोड पर एकत्रित होकर सपा सरकार का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान आमिर अली, शिवासैनी, इलू यादव, रोहित जैन, राजकुमार बघेल, इमरान कुरैशी, रिजवान, साजिद बेग, संजय चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।