पोस्टमार्टम के बाद शव के साथ सील कर दिए कपड़े
कपड़े निकालने के बाद दोबारा सील किया गया, जांच होगी
फिरोजाबाद। थाना पचोखरा क्षेत्र के अंतर्गत खेत में मिले शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने परिजन के सुपुर्द कर दिया । इस दौरान लापरवाही करते हुए कर्मचारियों ने शव के साथ उसके कपड़े भी सील कर दिए। इसकी जानकारी जब अफसरों को हुई तो उन्होंने शव को रास्ते से मंगाकर कपड़े निकालने के बाद शव को दोबारा सील किया गया।
देवखेड़ा से लापता हुए 70 वर्षीय सुखवीर उपाध्याय का शव 12 दिन बाद खेत से मिला था। शव को कुत्ते नोचकर खाए गए थे। पुलिस ने रविवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मेडिकल कालेज अस्पताल में सोमवार दोपहर दो बजे पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस के साथ गांव भेजा गया। रास्ते में पता चला कि शव पर मिले कपड़ों को केस प्रापर्टी के रूप में सील न कर शव के साथ ही सील कर दिया है। इसके बाद पुलिस शव को वापस पोस्टमार्टम हाउस लेकर पहुंची। वहां पर सील खोलकर मृतक के कपड़े निकाले गए और अलग से सील किए गए। एसीएमओ डॉ अशोक कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।