नोटबंदी के विरोध में विपक्ष का बंद और कांग्रेस के आक्रोश दिवस का आह्वान जनपद में पूरी तरह से बेअसर रहा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराे फीराेजाबाद
नोटबंदी के विरोध में विपक्ष का बंद और कांग्रेस के आक्रोश दिवस का आह्वान जनपद में पूरी तरह से बेअसर रहा। फीरोजाबाद शहर, टूंडला जसराना, सिरसागंज आदि सभी स्थानों के बाजार खुले रहे। इस दौरान पुलिस फोर्स भी अलर्ट रहा।
सुहागनगरी में बस स्टैंड, रेलवे रोड, आगरा गेट, जलेसर रोड, कोटला रोड, सुहागनगर, महावीर नगर का बाजार सुबह ही खुल गया था। सदर बाजार, शास्त्री मार्केट, सुभाष मार्केट भी प्रतिदिन की तरह खुलीं। नाले की पुलिया से लेकर रसूलपुर तक का बाजार सुबह तो बंद था, लेकिन कांग्रेस का जुलूस निकलने के बाद दोपहर 12 बजे तक पूरा बाजार खुल गया। हालांकि कुछ दुकानें बंद रहीं। मुस्लिम बहुल क्षेत्र हाजीपुरा में भी एक दो दुकानों को छोड़ दिया जाए तो सभी दुकानें खुलीं। इमामबाड़ा से लेकर नालबंद चौराहे तक के दुकानदार बाजार बंदी का समर्थन करते दिखाई दिए। अधिकांश दुकानें दोपहर बाद खुल गई थी। वहीं दोपहर बाद कुछ दुकानों के शटर पड़े दिखाई दिए तो कुछ दुकानदारों ने शटर तो उठाए लेकिन फड़ पर सामान नहीं सजाया। इसको लेकर क्षेत्र से ग्राहक भी गायब थे।
बाजार खोलने पर भाजपा ने जताया आभार
शिकोहाबाद (ब्यूरो)। नोटबंदी के विरोध में विपक्षी दलों की ओर से किया गया भारत बंद पूरी तरह से विफल रहा। दुकानें प्रतिदिन की तरह से खुली रहीं। बता दे कि भाजपा ने भाजपा नेता डा. रामकैलाश यादव के नेतृत्व में भारत बंद का पुरजोर विरोध करते हुए एक दिन पूर्व नगर में जुलूस निकालकर दुकानदारों से दुकान खोलने की अपील की थी। बाजार खुलने के बाद सोमवार को नगर अध्यक्ष अनिल शर्मा, गगन मिश्रा, लखपति सिंह बघेल आदि ने दुकानदारों की ओर दिए सहयोग के प्रति आभार जताया है।