जसराना। तीन दिन पूर्व की छापमार कार्रवाई के दौरान दिए गए नोटिस का जवाब नहीं देने पर एक क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग ने की। विभाग की कार्रवाई के दौरान अधिकांश चिकित्सकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। चार लोगों के अभिलेखों की स्वास्थ्य विभाग जांच कर रहा है।
तीन दिन पहले अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं जसराना के नोडल अफसर डाॅ. ब्रजमोहन के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए फरिहा रोड निखिल चंद्र विश्वास के साथ घिरोर रोड पर मौजूद रवि शर्मा, उपेंद्र सिंह, मनोज कुमार शर्मा, उमेश चंद्र शर्मा को नोटिस देकर अभिलेख उपलब्ध कराने का निर्देश दिया थे। चार लोगों ने अभिलेख उपलब्ध करा दिए। वहीं फरिहा रोड डॉ. बंगाली के नाम से क्लीनिक चलाने वाले निखिल चंद्र विश्वास ने नोटिस का कोई जवाब नहीं देने पर एसीएमओ सीएचसी अधीक्षक डॉ. विमल उपाध्याय एवं पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान भी कोई अभिलेख नहीं दिखाने पर सील करने की कार्रवाई की गई।
विभाग की कार्रवाई से जसराना में डाॅक्टरी करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। अधिकांश अपनी दुकानों को बंद कर चले गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विमल उपाध्याय ने कहा पांच लोगों को नोटिस दिए गए थे। चार लोगों ने अभिलेख दिए है। निखिल चंद्र ने अभिलेख नहीं दिखाए, इसके कारण दुकान को सील किया गया है।