फिरोजाबाद। कांचनगरी में जल संकट को दूर करने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से पिछले चार दिनों से जेड़ा झाल नहर का सफाई कार्य कराया जा रहा है। निर्धारित सात दिन में कार्य पूरा कराने के लिए 16 पोकलेन व 22 ट्रैक्टर कार्य में लगाए गए हैं। शुक्रवार को जलकल विभाग के अवर अभियंता घंटों नहर सफाई कार्य की निगरानी करते रहे। जेड़ा झाल परियोजना के तहत सिंचाई विभाग ने झालगोपालपुर से नंदपुर तक 25 किमी लंबी नहर तैयार कराई है। इससे पूरे शहर में गंगाजल की आपूर्ति कराई जा रही है। पिछले एक वर्ष से नहर की सफाई नहीं कराई गई, जिससे नहर में काफी मात्रा में सिल्ट व घास जमा हो गई थी। इससे शहर में पेयजल संकट बढ़ने की आशंका बनी हुई थी। नहर का क्लोजर होने के बाद जल निगम द्वारा नंदपुर में अस्थायी जल संकट दूर करने के लिए तैयार झील के माध्यम से सुबह के समय पानी की आपूर्ति कराई जा रही है। इससे शहर में पानी का संकट भी बना हुआ है।