टूंडला। कासगंज के सोरों गंगाघाट से कांवड़ लेकर आ रही दो टोलियां में से एक की बाइक से दूसरे कांवड़ियों की कार टकरा गई। इसको लेकर दोनों टोलियों के बीच जमकर मारपीट व तोड़फोड़ हुई। इस दौरान कार सवार कांवड़िए कार छोड़कर भाग गए। घायल बाइक सवार कांवड़ियों को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। वहीं कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
थाना व गांव नगला सिंघी के कुछ युवा सोरों गंगाघाट पर डाक कांवड़ लेने गए थे। रविवार शाम साढे़ सात बजे करीब वे कांवड़ लेकर लौट रहे थे। कांवड़ियों के साथ उनके कुछ साथी बाइक पर चल रहे थे। वहीं पीछे ही फिरोजाबाद क्षेत्र के कांवड़ियों की एक टोली आ रही थी। उन कांवडियों के साथ कार चल रही थी। कांवड़िये थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव श्रीनगर पहुंचे तभी बाइक सवार कांवड़ियों से कार सवार कांवड़ियों की कार टकरा गई, जिससे बाइक गिर गई तथा बाइक सवार कांवड़िए रविंद्र व सुनील निवासी नगला सिंघी, टूंडला घायल हो गए। इसको लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। कांवड़ियों ने कार पर डंडे चला दिए। तभी कार सवार कांवड़िये कार छोड़कर मौके से भाग गए। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों केा समझाते हुए मामला शांत कराया तथा कांवड़ियों को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया। वहीं घायल बाइक सवार कांवड़ियों को जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी पारुल मिश्रा ने बताया कि बाइक व कार के आपस में टकराने पर कांवड़ियों में विवाद हुआ है। कार का शीशा टूटा है। हल्की बाइक क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं बाइक सवार दो युवक चुटैल हुए हैं, उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।