फिरोजाबाद। बिना किसी तैयारी के सर्कुलर रोड पर नए सिरे से बनाया जा रहा पुराना नाला आम जनता के लिए मुसीबत बन गया है। शनिवार को नाले का निर्माण नगर निगम ने रोक जरूर दिया लेकिन समस्या का निदान फिर भी नहीं हुआ है। रविवार को भी कई क्षेत्रों में दूषित पानी पहुंचा। लीकेज लाइन ठीक करने पहुंची जलकल संस्थान की टीम का लोगों ने विरोध किया। लोग नई लाइन डालने की मांग कर रहे थे। नाले के समानांतर दूसरा अस्थायी नाला बनाने से मार्ग पर आवागमन बाधित है। आसपास के चूड़ी के गोदाम और अन्य प्रतिष्ठान लोगों को बंद करने पडे़ हैं। नगर निगम अब चार फीट गहरा अस्थाई नाला बना कर पुराने नाले पर काम शुरू करेगा। 155 मीटर लंबा नाला अब टुकड़ों में बनाया जाएगा।
नाला निर्माण के दौरान टूटी पेयजल लाइनों से रविवार सुबह भी मुहम्मदपुर और आसपास के गलियों में करीब चार सौ मकानों में दूषित पानी पहुंचा। पार्षद मोहित अग्रवाल ने जलकल विभाग की टीम बुलाई। जलकल विभाग के सहायक अभियंता शिवराज वर्मा कर्मचारियों को लेकर लीकेज और कनेक्शनों को ठीक कराने के लिए दोपहर करीब 12 बजे पहुंचे। टीम का यहां एकत्रित हुए लोगों ने यह कहते हुए विरोध किया पुरानी लाइन की मरम्मत न करके नई लाइन डाली जाए। लोगों का कहना है कि चौकी गेट स्थित शौचालय से लेकर शीशग्रान तक पड़ी पाइप लाइन काफी जर्जर हो गई है। विरोध होने पर जलकल विभाग की टीम मौके से लौट आई।
अब चार टुकड़ों में बनाया जाएगा पुराना नाला
नगर निगम निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अमन्नेंद्र गौतम ने बताया कि सर्कुलर रोड पर नए सिरे से बनाए जा रहे 155 मीटर लंबे पुराने नाले का निर्माण अब चार टुकड़ों में किया जाएगा। पहले 40 से 50 मीटर तक नाला बनाया जाएगा उसके बाद आगे का नाला बनाया जाएगा। इससे जलभराव की समस्या नहीं रहेगी।
विभाग ने कहा 100 परिवारों के कनेक्शन किए ठीक
फिरोजाबाद। जलकल विभाग के सहायक अभियंता शिवराज वर्मा का कहना है कि चौकी गेट के समीप अस्थायी नाला बनाने के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा जेसीबी मशीन से खुदाई कराई गई थी। इसके चलते 100 परिवारों के कनेक्शन टूट गए थे। रविवार शाम पांच बजे तक सभी कनेक्शनों को ठीक करा दिया गया। सोमवार सुबह की सप्लाई में पता चलेगा कि पानी कैसा आ रहा है।
लोग नई पाइप लाइन डलवाने की मांग कर रहे थे, जिसको लेकर विरोध का सामना करना पड़ा। बाद में प्रवर्तन दल की टीम को मौके बुलाकर लोगों को समझा दिया गया। नाला निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद नई पाइप लाइन डलवा दी जाएगी। जो कनेक्शन टूटे थे, उनको ठीक कर दिया है।
शिवराज वर्मा - सहायक अभियंता जलकल
हाजीपुरा होते हुए नालबंद जाने वाला रास्ता बाधित
नाला निर्माण का कार्य अधिकारियों को त्योहार के बाद या फिर लॉकडाउन में करा देना चाहिए था। इस समय नाला निर्माण होने से दिक्कत हो रही है। चौकीगेट से होली वाली भट्टी, हाजीपुरा होते हुए नालबंद की ओर जाने वाला रास्ते पर आवागमन बाधित है।
राजू - मोहम्मदपुर
नाले की सिल्ट सड़क पर डाली
नाले से निकली सिल्ट भी सड़क पर डाल दी गई है। महिलाएं पुरुष और बच्चे घरों के अंदर कैद होकर रह गए है। नालियां का पानी भी रुका है। मकानों की नींव कमजोर हो सकती है। समस्या का निस्तारण जल्द से जल्द करना चाहिए।
विश्वदीप सिंह - निवासी मोहम्मदपुर
चूड़ी गोदामों तक माल पहुंचाना मुश्किल
चौकीगेट से लेकर छतरी वाले कुंआ तक काफी संख्या में चूड़ी के गोदाम हैं और ट्रांसपोर्ट भी हैं। ऐसे में सड़क बंद होने से गोदाम तक माल नहीं पहुंच रहा। त्योहारों के लिए एक सप्ताह का समय शेष बचा है।
अनिल कुमार - निवासी चौकीगेट
दूषित पानी से परेशानी है, सबमर्सिबल भी खराब है
चार दिन से क्षेत्र में दूषित पानी आ रहा है। अधिकारियों द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। पुरानी लाइन होने के कारण वह कई स्थानों पर लीकेज भी है। क्षेत्र में लगा सबमर्सिबल पंप भी खराब है।
शहवाज खां - निवासी मोहम्मदपुर