तहसील सदर के मुख्यमार्ग पर जलभराव की स्थिती का निरीक्षण करती महापौर नूतन राठौर के साथ अधिकारी एव?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सदर तहसील के गेट पर होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी हल निकाला जाएगा। तहसील से रहना की ओर जाने वाले मार्ग का निर्माण कार्य कराने के साथ ही पानी की निकासी के लिए नाला भी बनवाया जाएगा। अधिवक्ताओं के आंदोलन के बाद शुक्रवार को मेयर नूतन राठौर ने जलभराव वाले स्थान का निरीक्षण भी किया। बुधवार को जलभराव की समस्या को लेकर वकीलों ने एसडीएम का घेराव किया था।
मेयर नूतन राठौर जलकल विभाग के जूनियर इंजीनियर धर्मेंद्र सत्संगी के साथ नगला भाऊ स्थित सदर तहसील पहुंची। क्षेत्रीय पार्षद अभिनेंद्र सिंह और अधिवक्ताओं के साथ जलभराव वाले स्थान का निरीक्षण किया। अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह तहसील से रहना की ओर जाने वाले मार्ग का निर्माण कराने के साथ ही नाले का निर्माण कराएं।
जिससे क्षेत्रीय लोगों के साथ अधिवक्ताओं व वादिकारियों को दिक्कत का सामना न करना पड़े। मेयर ने बताया कि निर्माण कार्य कराने के लिए नगर निगम को 24 लाख रुपये खर्च करने होंगे। इसके अतिरिक्त मेयर ने मोदीनगर, सीतानगर, नगला पचिया आदि स्थानों का निरीक्षण किया। विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर बिजली के तारों को ठीक करने और प्रकाश व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए।