फिरोजाबाद। दो दिवसीय सेमीनार के दूसरे दिन जिले के प्रगतिशील किसानों के कृषि क्षेत्र और पॉली हाउस का भ्रमण कराया गया। राजकीय कृषि विकास योजना के तहत आयोजित भ्रमण कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसानों ने तकनीकी खेती के तरीकों से रूबरू कराया।
कृषि वैज्ञानिकों और उद्यान विभाग के अफसरों की अगुवाई में विभिन्न ब्लाकों के करीब 50 किसानों के दल ने अरांव ब्लाक के धातरी, धरमई के अलावा मदनपुर ब्लाक के माहतपुर के युवा एवं प्रगतिशील किसानों के अनुभव साझा किए। डॉ. सुराज सिंह ने पॉली हाउस के माध्यम से होने वाली खेती और ऑफ सीजन में फसल उत्पादन के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि स्प्रिंकलर सिंचाई से फसल बढ़ने के साथ उत्पादों की गुणवत्ता में निखार आता है। उद्यान अधिकारी विनय कुमार यादव ने किसानों को सरकारी अनुदान के जरिए कृषि उत्पादन के क्षेत्र में प्रगति करने की सलाह दी।
पॉली हाउस प्रणाली से प्राप्त करें उच्च गुणवत्ता वाली फसल-
अरांव ब्लाक के प्रगतिशील किसान संजय कुलश्रेष्ठ एवं विनय शर्मा धरमई ने एप्पल बेर, पत्ता गोभी, खीरा, विभिन्न प्रजाति के फूल अमरूद आदि की बुवाई, रखरखाव, सिंचाई प्रणाली एवं रोगों से बचाव की जानकारी दीं।
बीज रहित खीरा व शिमला मिर्च है फायदे का सौदा
युवा किसान सिद्वान्त सिंह के मुताबिक बीज रहित खीरा, शिमला मिर्च आदि औद्यानिक फसल आमदनी बढ़ाने का बेहतर जरिया है। किसानों को बताया कि उक्त फसलों की बुवाई ऑफ सीजन में भी की जा सकती है।
किसान उत्पादक संघ बनाए जाएंगे
शिकोहाबाद व नारखी क्षेत्र फसलीय क्षेत्र के लिहाज से बेहद खास है। इन दोनों क्षेत्रों में छोटे व बडे किसानों का एक समूह तैयार किया जाएगा। उक्त समूहों को खाद, बीज एवं अन्य कीटनाशी दवा आदि बेहद सस्ती दर पर उपलब्ध होगी। संघ द्वारा तैयार फसल की सीधे बाजार में बिक्री की जाएगी। संघों की स्थापना जिले के सभी नौ ब्लाकों में की जाएगी। विनय कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी।