सुहाग नगर पोस्ट ऑफिस के सामने सीवर की लाइन पर काम कर रहे श्रमिक की मिट्टी की धाय गिरने से मौत के बा?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सीवर लाइन की खोदाई के दौरान मिट्टी की ढाय गिरने से मजदूर शिवराम की मौत हो गई थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही कार्यदायी संस्था की ओर से मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि दिलाई गई।
थाना दक्षिण के आवास विकास कॉलोनी सुहागनगर में सीवर की खोदाई के दौरान मुरलीनगर निवासी शिवराम पुत्र कालीचरन की मिट्टी में दबने से मौत हो गई थी। सोमवार को जिला अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम किए जाने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने श्रमिक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
इस दौरान विधायक मरीष असीजा ने मृतक के परिजनों से भेंट कर हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद उन्होंने नगर आयुक्त विजय कुमार से बात की, तो नगर आयुक्त ने बताया कि कार्यदायी संस्था की ओर से पीड़ित मजदूर के परिजनों को पांच लाख की सहायता राशि दिलाई गई है।
वहीं सीवर खोदाई के दौरान श्रमिक की मौत होने के बाद सोमवार को सीवर लाइन डालने का काम शुरू नहीं हो सका। इस संबंध में नगर निगम के जलकल विभाग के सहायक अभियंता शिवराज वर्मा का कहना है कि रविवार को सीवर खोदाई के दौरान श्रमिक की मिट्टी में दबने से मौत हो जाने के कारण मौके पर अन्य मजदूर काम करने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके कारण फिलहाल काम बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही काम शुरू कराके पूर्ण किया जाएगा।
सुरेंद्र के परिजनों से मिले विधायक
फिरोजाबाद। भाजपा विधायक मनीष असीजा 22 अगस्त को लेबर कॉलोनी फाटक के समीप बिजली घर के पास काम करने के दौरान सुरेंद्र दिवाकर पुत्र गंगा प्रसाद दिवाकर के संत नगर आवास पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से भेंटकर सांत्वना दी। अपनी ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्ष उदय गुप्ता,पूर्व महानगर अध्यक्ष सुनील शर्मा, किशोर अग्रवाल वंटी मौजूद थे।