फिरोजाबाद। विवादित ढांचा गिराए जाने की तारीख और जुमे को लेकर शुक्रवार को जिलेभर में सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात करने के साथ ड्रोन से निगरानी कराई जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से शहर को एक जोन और चार सेक्टर में बांटा गया है।
बृहस्पतिवार शाम को ही अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। विवादित ढांचा गिराए जाने की तारीख और जुमे की नमाज के मद्देनजर 6 दिसंबर शुक्रवार (आज) को पुलिस अलर्ट है। पुलिस साइबर सेल की सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर अफवाहें फैलाने और आपत्तिजनक मैसेज भेजने वालों पर नजर रखेगी। सतर्कता के चलते शहर को एक जोन और चार सेक्टर में बांटा गया है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा।
विवादित ढांचा ढहाए जाने की तिथि 6 दिसंबर पर जिले में शांति व सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों ने कमान संभाल ली है। प्रमुख स्थलों के साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस के खुफिया विभागों की खास नजर रहेगी।
शहर के साथ देहात क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। शहर में बृहस्पतिवार को एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पूरे अमले के साथ सड़कों पर उतरे।
उन्होंने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इसके अलावा फिरोजाबाद जीआरपी थाना प्रभारी सुशील कुमार ने फोर्स के साथ स्टेशन व आउटर पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। साथ ही ट्रेनों में भी चेकिंग अभियान चलाया।