सिरसागंज। थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव नगला गड़रिया में मंगलवार सुबह घर में खेलते समय कूलर पकड़ने से तीन वर्षीय मासूम को करंट लग गया। परिजन बच्चे को इलाज के लिए निजी अस्पताल और फिर सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव नगला गड़रिया निवासी रिषी बड़ोदरा में एक मेट्रो कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार सुबह उनकी पत्नी दीक्षा रसोई में खाना बना रही थीं और दादी नेत्रवती घर में पानी भर रही थीं। इसी दौरान तीन वर्षीय मासूम ध्रुव घर के आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते ध्रुव कूलर के पास पहुंच गया और उसे पकड़ लिया। करंट की चपेट में आने से मासूम अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने बच्चे को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
मासूम ध्रुव अपने पिता का इकलौता बेटा था। घटना की सूचना मिलते ही बड़ोदरा से पिता रिषी और पलवल से दादा गांव के लिए रवाना हो गए।