15 अगस्त को मनाए जाने वाले आजादी के जशभन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है जिससे आजादी के जशभन में किसी तरह का खलल न पड़े। बुधवार को जिले भर में चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने देशी शराब का जखीरा बरामद कर 22 वाहनों को सीज कर दिया।
एसएसपी अशोक कुमार के निर्देश पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान मटसेना थाने की पुलिस चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने देशी शराब ले जाते समय आसफाबाद निवासी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। बैरियर लगाकर वाहनों को चेक किया गया। उधर उत्तर, दक्षिण, रामगढ़ और रसूलपुर पुलिस द्वारा शहर के आसफाबाद, नगला बरी, जाटवपुरी, रेलवे रोड तिकोनिया, जलेसर रोड चौराहा, ककरऊ कोठी, बंबा चौराहा, सैलई चौराहा जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी चेकिंग की गई। पुलिस ने 78 वाहनों का चालान करते हुए 55 सौ रुपये समन शुल्क वसूल किया, वहीं 22 वाहनों को सीज कर दिया। कुछ वाहन चालक पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए रास्ता बदलते नजर आए तो पुलिस की कार्रवाई की जद में फंसे चालक फोन पर सिफारिश कराते दिखाई दिए।
एसएसपी ने किया थानेदारों के कार्य क्षेत्र में परिवर्तन
शिकोहाबाद में बढ़ते अपराध को रोकने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने थानेदारों के कार्य क्षेत्र में परिवर्तन कर दिया है। कोतवाल शिकोहाबाद देवेंद्र शंकर पांडेय को कोतवाली उत्तर में एसएसआई के पद पर तैनात किया गया है। एसएसआई उत्तर अर्जुनलाल वर्मा को थानाध्यक्ष रामगढ़ बनाया गया है। वहीं रामगढ़ थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार को थानाध्यक्ष शिकोहाबाद बनाया गया है।