फिरोजाबाद। निर्माण श्रमिकों के हित में संचालित शादी अनुदान योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन में फर्जीवाड़ा करने एवं आवेदक से रुपये एंठने के मामले में सहायक श्रमायुक्त ने प्रबंधक लोकवाणी केंद्र को सीएचसी संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है।श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों के हित में मातृत्व हित लाभ एवं बेटी शादी अनुदान योजना संचालित है। इन योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाते हैं। नगर के थाना दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ला करबला स्थित एक नव्या सीएचसी से जुड़ा है। करबला में संचालित सीएचसी संचालक नरेश शंखवार द्वारा निर्माण श्रमिक का ऑनलाइन आवेदन करते वक्त फर्जी कार्य प्रमाण पत्र ऑनलाइन आवेदन के साथ संलग्न किया गया।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा बारीकी की गई जांच के दौरान निर्माण श्रमिक नाहर सिंह के ऑनलाइन आवेदन में संलग्न कार्य प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया है। उत्तर प्रदेश भवन निर्माण एवं सन्निर्माण कर्मकार योजना की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा करने वाले सीएचसी संचालक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रबंधक लोकवाणी को पत्र लिखा है।
सहायक श्रमायुक्त यशवंत कुमार के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन में फर्जी कार्य प्रमाण पत्र संलग्न होने के कारण आवेदक रानी का आवेदन निरस्त किया है। सीएचसी संचालक नरेश शंखवार द्वारा फर्जीवाड़ा करने पर उसके विरुद्ध भी कार्रवाई करने को प्रबंधक लोकवाणी को रिपोर्ट भेजी है।