फिरोजाबाद। शिकोहाबाद भांडरी गांव में चकबंदी कराने पर खुली बैठक में हंगामा करते ग्रामीण।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। भांडरी गांव में बुधवार को चकबंदी अधिकारियों के नेतृत्व में खुली बैठक हुई। इसमें ग्रामीणों ने हंगामा कर चकबंदी को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की। इसके बाद अधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसमें चकबंदी के पक्ष में महज आठ व विरोध में 141 लोगों ने वोट डाले। चकबंदी रोकने के पक्ष में सफलता मिलने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
हाई कोर्ट के आदेश पर एसओसी लाल बहादुर, सीओ बाल मोहन गुप्ता, चकबंदी अधिकारी सुनील अग्रवाल, शैलेंद्र भारती, एसीओ ओमप्रकाश राजस्व टीम के साथ बुधवार को भांडरी गांव पहुंचे, यहां खुली बैठक हुई। इसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। चकबंदी करवाने के लिए अधिकारियों ने अपने तर्क दिये साथ ही इसे जरूरी बताया। इस पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। साथ ही अधिकारियों पर सुविधा शुल्क लेकर चक बनाने का आरोप लगाया। इसके बाद अधिकारियों ने चकबंदी कराने व न कराने पर हस्ताक्षर कराये।
इस दौरान चकबंदी के विरोध में 141 व समर्थन में महज आठ ही मत पड़े। इसके बाद अधिकारियों ने चकबंदी स्थगित कराने के लिए अपनी रिपोर्ट भेजने की बात कही। एसओसी ने बताया कि मीटिंग में प्रस्ताव गिर गया है। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जायेगी। यह मीटिंग हाईकोर्ट के आदेश पर आयोजित की गई थी। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रवीन यादव, विजय पाल सिंह, सत्यप्रकाश, यशपाल, अनिल और उदयवीर सिंह प्रमुख सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।