फीरोजाबाद। टूंडला में चेयरमैन पति द्वारा धड़ल्ले से इंटरलाकिंग प्लांट चलाया जा रहा है। नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में अपने ही प्लांट में बनने वाली इंटरलाकिंग टाइल्स का प्रयोग कराया जा रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों पर सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देशन में व्यापार कर की टीम ने छापा मारकर सारे रिकार्ड जब्त कर लिए।
सपा सरकार में सत्ताधारी ही सरकार की छवि धूमिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। टूंडला में चेयरमैन पति ने अपने पुत्र के नाम पर गणेश कंस्ट्रक्शन कंपनी खोली है। इसी कंपनी के तहत इंटरलाकिंग टाइल्स बनाने का कारोबार चल रहा है। खास बात यह है कि इंटलाकिंग टाइल्स बनाने का आजतक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया। नगर पालिका द्वारा जितने भी निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, उनके इसी प्लांट की इंटरलाकिंग टाइल्स का प्रयोग हो रहा है। जिला प्रशासन को घटिया टाइल्स के संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र सिंह के नेतृत्व में व्यापार कर टीम ने टूंडला स्थित चेयरमैन पति की कंस्ट्रक्शन पर छापा मारा। मौके पर करीब 12000 टाइल्स बनी हुई मिलीं। तीन हजार से अधिक टाइल्स निर्माण की प्रक्रिया में मिली। दो ट्रक में 800 घनमीटर कच्चा रॉ मैटेरियल पाया गया। टीम ने कंपनी पर मौजूद सारा रिकार्ड जब्त कर लिया, इसके आधार पर करीब 20 से 25 लाख रुपये टर्नओवर की बात सामने आई है। व्यापार कर कमिश्नर ने बताया कि 14 प्रतिशत टैक्स वसूला जाएगा। वहीं रजिस्ट्रेशन न होने पर कंपनी पर पेनल्टी लगाई जाएगी।
टीम में सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र सिंह, डिप्टी कमिश्नर व्यापार कर आरके मौर्या, छोटेलाल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गेहूं के गोदाम पर भी हुई छापेमारी
चेयरमैन पति के कंस्ट्रक्शन कंपनी पर छापेमारी की के बाद टीम टूंडला में ही पीके ट्रेडिंग कंपनी पर पहुंची। यहां करीब 400 बोरे गेहूं व मक्का पाया गया। कंपनी के पास खाद्यान्न के संबंध में कोई रिकार्ड नहीं मिला। अफसरों ने करीब 20 लाख का टर्नओवर होने की आशंका जताई है। कंपनी स्वामी से सारे रिकार्ड तलब किए हैं। रिकार्ड न दिखाने पर आगे कार्यवाही शुरू की जाएगी।