फिरोजाबाद। नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह ने सोमवार को शहर के सिनेमा हॉल के साथ होटल एवं लॉज की चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने संचालकों को कहा कि किसी को ठहराएं नहीं। खुद भी सावधानी बरतें।
नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह कोटला रोड स्थित सत्कार पैलेस में चेकिंग करने पहुंचे। सिनेमा हॉल बंद मिले। इसके साथ सदर बाजार में संत टाकीज की चेकिंग की यह भी बंद मिला। बाईपास रोड पर सीबी गेस्ट हाउस, शिवम होटल एवं रेस्टोरेंट की चेकिंग की। सभी को हिदायत दी कि किसी को ठहराएं नहीं। स्टेशन रोड स्थित ओम होटल, सूर्या होटल के साथ उन्नति होटल के हालात भी देखे। ओम होटल व गंगा लॉज में दो-दो यात्री ठहरे हुए थे। नगर मजिस्ट्रेट ने होटल संचालकों को हिदायद दी है कि वह किसी को नहीं ठहराएं। यदि कोई ठहरा मिला है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि होटल एवं मैरिज होम के साथ लॉज की चेकिंग लगातार जारी रहेगी।
नहीं सजेंगे कोई देवी पांडाल, घरों में करें नवरात्रि की पूजा
फिरोजाबाद। नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए कहीं भीड़ एकत्रित होना आपके अपने स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। इस कारण नवरात्रि में शहर में कोई देवी पांडाल को नहीं सजाया जाएगा। देवी की पूजा सभी श्रद्धालुजन अपने-अपने घरों में करें। किसी को गली अथवा शहर के चौक में पांडाल सजाकर सामूहिक रूप से पूजा करने की जरूरत नहीं है। इसके बाद यदि कोई पांडाल सजाकर भीड़ एकत्रित करेगा तो फिर सख्त कार्रवाई की जाएगी।