नगर में प्रभु यीशु का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। समूचा नगर मेरी क्रिसमस की गूंज से गूंजता रहा। गिरजाघरों में ईसाई समाज के लोगों द्वारा विशेष प्रार्थना सभा की गई। वहीं केक काटकर एक दूसरे को बधाइयां दी।
क्रिसमस-डे पर नगर में अनेकों कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर बच्चों में विशेष उत्साह रहा। ईसाई समुदाय ने जगह-जगह विभिन्न पार्टियों का आयोजन किया और लोगों को क्रिसमस की बधाई दी। ईसाई समुदाय के लोगों ने घरों को विशेष रूप से सजाया। गुरुवार शाम को ही घरों पर कैंडल लटकाई गई थीं और विद्युत झालरों से आसपास का क्षेत्र सजाया था। ईसाई समुदाय के लोगों के घरों में तो गुरुवार शाम से ही त्योहार का माहौल था। मध्यरात्रि 12 बजे प्रभु यीशु के जन्म के साथ ही नगर के सभी चर्चों पर घंटे बजने लगे। शुक्रवार प्रात: होते-होते त्योहार मस्ती भरे जश्न में तब्दील हो गया। इस मौके पर नगर के विभिन्न गिरिजाघरों में प्रार्थना सभा, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।