फिरोजाबाद। पोषण वाटिका निर्माण के लिए मांगी गई अतिकुपोषित बच्चों की सूची तैयार कराने में गड़बड़ी करने पर सीडीओ ने
एका, जसराना और अरांव ब्लाक की सीडीपीओ का वेतन रोक दिया। सीडीओ ने तीनों सीडीपीओ से जवाब-तलब भी किया है।
पोषण अभियान के तहत कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों के परिवार में पोषण वाटिका निर्माण कराया जाना है। मनरेगा योजना के माध्यम से बनने वाली पोषण वाटिका निर्माण के लिए जिले की 10 बाल विकास परियोजनाओं से कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों की सूची मांगी गई थी। सूची तैयार कराने में जसराना, एका एवं अरांव की सीडीपीओ द्वारा लापरवाही बरती गई। मनरेगा सेल द्वारा ब्लॉक स्तर पर तैनात अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों से कराई जांच में इन तीनों ब्लॉकों में 404 बच्चे और उनके परिवार गांव में ही नहीं मिले। विगत दिनों सत्यापन रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को सौंपी गई। इस पर सीडीओ चर्चित गौड़ ने जसराना में तैनात मुख्य सेविका सीमा देवी, एका में तैनात सरोज अग्रवाल एवं अरांव में तैनात मंजू श्रीवास्तव का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए हैं। तीनों से एक सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने अन्यथा की स्थिति में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ब्लाक लक्ष्य मौके पर नहीं मिले बच्चों की संख्या
जसराना 149 24
अरांव 170 24
एका 610 356
यह है योजना
अतिकुपोषित और कुपोषित श्रेणी वाले बच्चों के परिवारों के लिए खाली पड़ी भूमि पर फल और हरी सब्जियां तैयार कराई जाएंगी। मनरेगा योजना के माध्यम से बनने वाली पोषण वाटिका को फिरोजाबाद शहरी को छोड़कर अन्य दस ब्लॉकों में 3057 का लक्ष्य निर्धारित है।