सीबीएसई ने जारी की कंपार्टमेंट परीक्षाओं की तिथियां
- फाइनल डेटशीट लिस्ट ऑफ कैंडिडेट के जमा होने के बाद जारी की जाएंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 15 जुलाई से शुरु होने जा रही दसवीं व बारहवीं की पूरक परीक्षाओं (सप्लीमेंट्री व कंपार्टमेंट) की विस्तृत संभावित परीक्षा तिथियां जारी कर दी है। दसवीं की पूरक परीक्षा 15 जुलाई से शुरू होकर 22 जुलाई को समाप्त होगी। दसवीं की अधिकतर परीक्षाओं की समयावधि सुबह 10:30 बजे से 1.30 रहेगी। जबकि 22 जुलाई को कंप्यूटर ऐप्लिकेशन, और इंर्फोमेशन टेक्नॉलॉजी की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी।सीबीएसई के जिला समन्वयक राममोहन ने बताया कि बारहवीं के सभी विषयों की परीक्षा एक ही 15 जुलाई को ही आयोजित की जाएगी। बारहवीं के मुख्य विषयों की पूरक परीक्षा सुबह 10:30 बजे से 1:30 बजे तक होगी। जबकि हिंदुस्तानी म्यूजिक, पेटिंग, कॉमर्शियल आर्ट, कथक डांस, भरतनाट्यम डांस, आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। स्पष्ट किया कि यह संभावित परीक्षा तिथियां है। फाइनल डेटशीट लिस्ट ऑफ कैंडिडेट (छात्रों का परीक्षा के लिए आवेदन) के जमा होने के बाद जारी की जाएंगी।
सीबीएसई की ओर से दसवीं व बारहवीं के रिजल्ट 13 मई को घोषित किए गए थे। जिसके बाद बोर्ड ने 31 मई से इन परीक्षाओं में बैठने के लिए एलओसी (लिस्ट ऑफ कैंडिडेट) तैयार करने की प्रक्रिया को शुरु कर दिया था। यह प्रक्रिया शुरु होने के बाद अब बोर्ड ने संभावित परीक्षा तिथियां जारी कर दी है। यह परीक्षाएं पूरे पाठ्यक्रम के आधार पर होंगी। दसवीं की पहली परीक्षा 15 जुलाई को सोशल साइंस, 16 जुलाई को हिंदी, 18 जुलाई को साइंस, 19 जुलाई को मैथमेटिक्स स्टैंडर्ड व मैथमेटिक्स बेसिक की होगी, 20 जुलाई को अंग्रेजी, व 22 जुलाई को ऊर्दू समेत अन्य क्षेत्रीय भाषाओं, संस्कृत, व कंप्यूटर ऐप्लिकेशन, इंर्फोमेशन टेक्नॉलॉजी की होगी।