पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की बहू सारा त्रिपाठी की मौत का सच जानने के लिए गुरुवार को सीबीआई टीम फीरोजाबाद आई। चार सदस्यीय टीम सिरसागंज के गेस्ट हाउस में रुकी है। टीम ने देर रात तक पुलिस अधिकारियों से जानकारी जुटाई। शुक्रवार सुबह टीम घटना स्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाएगी करेगी।
बताते चलें कि नौ जुलाई को लखनऊ से दिल्ली जाते समय सिरसागंज के गुंजन चौराहे पर अमरमणि त्रिपाठी के पुत्र अमनमणि त्रिपाठी की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में कार में मौजूद अमनमणि की पत्नी सारा त्रिपाठी की मौत हो गई थी। सारा की मां सीमा सिंह ने सीबीआई जांच की मांग की थी। इसके बाद प्रदेश सरकार की संस्तुति पर सीबीआई के पास जांच पहुंची। मामले के सभी दस्तावेज 28 अक्तूबर को सीबीआई के दिल्ली कार्यालय में सौंप दिए गए थे। नवंबर माह में सीबीआई ने पहली बाद जिले में दस्तक दी और एसपी से मामले की जानकारी जुटाई थी। घटना स्थल का निरीक्षण कर फिंगर प्रिंट, कार डेमो, फोटो और वीडियो समेत तमाम साक्ष्य जुटाए थे। सारा और अमरमणि की काल डिटेल, मुकदमे से जुड़े दोनों पक्षों के बयान, केस डायरी से जुड़े सारे पर्चे सीबीआई टीम साथ ले गई थी। मामले में स्थानीय पुलिस, एसओ और घटना स्थल पर पहुंचे लोगों के भी बयान दर्ज किए थे। सीबीआई के डिप्टी एसपी के नेतृत्व में गुरुवार को टीम ने फिर से दस्तक दी। टीम ने एसओ सिरसागंज से मामले को लेकर बातचीत की। सूत्रों की माने तो सीबीआई जल्द ही अमनमणि को नोटिस देकर पूछताछ कर सकती है। सिरसागंज सीओ संजीव वाजपेयी ने बताया कि सारे दस्तावेज टीम को सौंप दिए हैं। स्थानीय पुलिस मामले में सीबीआई का बराबर सहयोग कर रही है। आज सुबह टीम घटना स्थल का निरीक्षण करेगी।