जसराना। चुनाव आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतना दो बीएलओ को भारी पड़ गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार जसराना ने दो बीएलओ के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 32 के तहत थाना जसराना में मामला दर्ज कराया है।
वर्तमान में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का कार्य चल रहा है। 01 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाया जाना है। वहीं मृतकों के साथ गांव छोड़कर अन्यत्र रह रहे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने हैं। इस दौरान बूथ स्तर पर कार्य करने के लिए बीएलओ को लगाया गया है। वहीं पर्यवेक्षक के रूप में लेखपालों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन द्वारा प्राथमिक विद्यालय नगला जैया पर तैनात अध्यापक जावेद हुसैन को बूथ संख्या 175 कंपोजिट विद्यालय नगला जइया का बीएलओ बनाया गया है। वहीं प्राथमिक विद्यालय नगला भारा पर तैनात अनिल कुमार को बूथ संख्या 41 प्राथमिक विद्यालय नगला स्वामी का बीएलओ बनाया गया है। पर्यवेक्षक के रूप में तैनात लेखपाल सतेंद्र कुमार ने जावेद हुसैन और सोनेलाल ने अनिल कुमार के खिलाफ तहसीलदार को रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में दोनों बीएलओ द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य नहीं करने की बात कही। वहीं दोनों के द्वारा तहसील से आवश्यक अभिलेख नहीं लेने का आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार लालता प्रसाद ने दोनों बीएलओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
- मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। दोनों बीएलओ द्वारा कार्य करने से मनाकर दिया गया है। लोक प्रतिनिधित्व के कार्य से मना करने पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
-लालता प्रसाद, तहसीलदार जसराना