टूंडला। रेलवे स्टेशन के निकट ट्रेन से कटकर जान देने के मामले में युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले पिता-पुत्र के खिलाफ घटना के एक माह बाद रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना की जीआरपी जांच कर रही है। थाना शिकोहाबाद के गांव दखिनारा निवासी गीतादेवी ने के चचिया ससुर महेश चंद्र 20 फरवरी को अपने बहनोई निहाल सिंह निवासी बिहारीपुर संवाई थाना एत्मादपुर, आगरा के यहां आए थे। जहां 21 फरवरी की शाम चार बजे निहाल सिंह के पुत्र विष्णु ने उनसे पांच हजार रुपये की मांग की थी। रुपये देने से मना करने पर निहाल सिंह और विष्णु नाराज हो गए थे। उन्होंने लाठी-डंडों और बेल्टों से उन्हें मारा पीटा था। जब वह थाने शिकायत दर्ज कराने जाने लगे तो उन्हें गालियां देकर लज्जित किया गया था। इतना ही नहीं उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया गया था। उसके बाद महेश चंद्र ने टूंडला स्टेशन के निकट खंबा नंबर 1254 पर ट्रेन की पटरी पर जाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में जीआरपी प्रभारी अमित सिंह का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।