एटीएम हैक कर ग्राहकों के रुपये निकालने वाला गिरोह
- फोटो : Amar Ujala
एटीएम हैक कर ग्राहकों के रुपये निकालने वाले गिरोह का एक सदस्य बैंककर्मियों और अधिकारियों की मुस्तैदी के चलते रसूलपुर पुलिस के हाथ लग गया। वहीं, आरोपी के अन्य साथी भागने में सफल रहे। युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है।
नगला बरी चौराहे के समीप पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम से रुपये न निकलने की शिकायत लगातार बैंक मैनेजर नकुल पालीवाल को अन्य बैंक मैनेजरों के माध्यम से मिल रही थी। बैंक मैनेजर नकुल पालीवाल को कुछ शक हुआ तो उन्होंने कर्मचारियों के साथ सुरक्षाकर्मी को एटीएम पर नजर रखने के निर्देश दिए। बुधवार शाम करीब चार बजे बैंक मैनेजर ने सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से एक युवक को एटीएम हैंग करते हुए देख लिया। बैंक मैनेजर ने कर्मचारियों के साथ युवक को पकड़ लिया और 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी 6 (यूपी 100) के सिपाही ने प्रमेश निवासी नगला राधे को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह अपने साथी रानू निवासी नारखी के साथ एटीएम हैंग करकर रुपये निकालता है। रसूलपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच करने के साथ ही रानू की तलाश भी की जा रही है।
एटीएम हैक करके निकालते थे रुपये
पकड़े गए आरोपी ने बताया कि रानू एटीएम को हैक कर बाहर निकल आता था। वहीं, उसके अन्य साथी एटीएम के आसपास ही सक्रिय रहते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति एटीएम में पैसे निकालने के लिए पहुंचा तो एटीएम के बाहर घूमने वाला साथी भी एटीएम कक्ष में पहुंच जाता था। पीड़ित व्यक्ति द्वारा पैसे निकालने के लिए प्रोसेसिंग पूरी करने के बाद उसके खाते से पैसे कट जाते थे, लेकिन रुपये एटीएम से बाहर नहीं आते थे। इसके बाद वह घर चला जाता था। तभी रानू का साथी अपना मास्टर एटीएम लगाकर पीड़ित द्वारा भरी गई नकदी को बाहर निकाल लेता था।
आरोपियों ने नगला बरी चौराह स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को हैंग कर रुपये निकालने का प्रयास किया था। चौकीदार अवलेश निवासी वाजिदपुर थाना लाइनपार की सजगता के चलते आरोपी पैसे निकालने में सफल नहीं हो सके।