फिरोजाबाद। निगम सीमा में स्थित करीब 65000 भवन और खाली प्लाट स्वामियों पर करीब 19 करोड़ से ज्यादा का भवन व जलकर बकाया है। आवासीय एवं अनावासीय भवनों पर कर निर्धारण एवं बकाया वसूली के लिये निगम ने पुख्ता तैयारी की है। बकाया वसूली के लिये निगम सोमवार से सभी 70 वार्ड में वसूली एवं कर निर्धारण शिविर आयोजित करेगा।
नगर निगम द्वारा बीते साल कराये गए जीआई सर्वे के अनुसार शहरी सीमा में लगभग एक लाख, 57000 भवन व अर्ध निर्मित खाली प्लाट चिह्नित किए गए। शहर के आवासीय क्षेत्र में स्थित अर्धनिर्मित(बाउंड्रीबॉल) प्लाटों की संख्या करीब 20,000 है। इन सभी एक लाख,57000 भवन व खाली प्लाटों में से 65000 भवनों पर कर निर्धारण की कार्रवाई नहीं हो पाई है। कर निर्धारण अधिकारी नीरज कुमार पटेल ने बताया आज से 3 अक्तूबर तक वार्ड व मोहल्लों में शिविर लगाए जाएंगे।