फिरोजाबाद। शहरी क्षेत्र की गरीब आबादी को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए रसूलपुर स्थित ज्ञान सरोवर इंटर कॉलेज प्रांगण में कैंप लगाया गया। कैंप में विभिन्न योजनाओं के आवेदन फॉर्म भरवाए गए। क्षेत्रीय पार्षद के साथ ही भाजपा नेताओं ने फॉर्म भरवाने में आवेदकों की मदद की।
जिला प्रशासन द्वारा होली से पूर्व शहर की गरीब आबादी को वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन के साथ ही साथ राशन कार्ड, आधार कार्ड, कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विद्युत संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए कैंप लगाए जाने का निर्णय लिया। कैंप के पहलेे दिन रसूलपुर क्षेत्र में गरीब तबके के लोगों के आवेदन फॉर्म भरवाए गए।
कैंप में नगर विधायक मनीष असीजा, एसडीएम सदर राजेश कुमार वर्मा, समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञाशंकर तिवारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जितेंद्र कुमार, लेखपाल राधेश्याम व संजय एवं भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेंद्र बोहरे, सुनील शर्मा, सत्यवीर गुप्ता शामिल रहे। सोमवार को शिवओम पब्लिक शांतिनगर में कैंप लगाया जाएगा।