भाभी की मौत के बाद उसकी ससुराल वालों से विवाद चल रहा था। समझौते के लिए बातचीत शुरू हुई। इस दौरान भाई के ससुराल वालों ने उसे समझौते की बात करने के लिए बुलाया था, लेकिन उसकी हत्या कर दी।
फिरोजाबाद के थाना टूंडला के उलाऊखेड़ा निवासी पुष्पेंद्र अपने भाई के ससुरालीजनों से समझौते की बात कर रहा था। उन्हीं ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं उसका शव बंबा के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने अज्ञात के रूप में शव बरामद करके उसे अस्पताल भेज दिया था। परिजनों ने बाद में उसकी शिनाख्त पुष्पेंद्र के रूप में की थी।
विज्ञापन
उलाऊखेड़ा निवासी मृतक पुष्पेंद्र के भाई अनिल उर्फ टीटू का विवाह आलमपुर जारखी निवासी सोमराज की पुत्री मंजू के साथ हुई थी। मंजू की मौत हो जाने के बाद सोमराज ने 13 फरवरी 2023 को थाना टूंडला में मृतक पुष्पेंद्र, उसके भाई अनिल उर्फ टीटू, उसके पिता श्यामवीर, सास सोना देवी, देवर बच्चू सिंह, जोगेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मुकदमें में समझौते की बात दोनों पक्षों के बीच चल रही थी।
मृतक के पिता श्यामवीर ने बताया कि समझौते के लिए पहले बेटा पुष्पेंद्र अपने बहनोई के साथ गया था। 18 लाख देने पर समझौते के लिए दोनों पक्ष राजी हो गए थे। मृतक के पिता का कहना है कि शनिवार की शाम को एक बार फिर सोमराज ने पुष्पेंद्र को बुलाया था। लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं पहुंचा तो खोजबीन शुरू कर दी थी। लेकिन जब कोई जबाव नहीं मिला तो परेशान हो गए थे।
थाना पुलिस को सूचना की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान लाइनपार क्षेत्र में शव मिलने की जानकारी हुई। देखा तो उसका बेटा पुष्पेंद्र ही था। पिता ने कहा कि सोमराज ने अपने भाई मुन्नालाल, बेटों दीपक एवं शाल्या के साथ मिलकर मेरे बेटे की हत्या की है।
फिरोजाबाद के सीओ सदर अंबरीश कुमार ने बताया कि पुष्पेंद्र के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा उसके छोटे भाई के ससुरालीजनों सोमराज सहित चार के खिलाफ दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को टीमों ने दबिश दी है। दोषियों को गिरफ्तार करके जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।