टूंडला। यमुना तलहटी के गांव नगला काले में फुंकी सबमर्सिबल की केबल को अभी तक नहीं बदला गया है। इसके चलते ग्रामीण दूर क्षेत्रों से पीने के लिए पानी लाने को मजबूर हैं। लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर शुक्रवार शाम ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी कि दो दिन के अंदर केबल डालते हुए टंकी में पानी नहीं पहुंचा तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
थाना नगला सिंघी के गांव नगला काले में ब्लॉक प्रमुख निधि से गांव में पेयजल सुविधा के लिए दो वर्ष पूर्व टीटीएसपी टंकी का निर्माण कराया था। ग्रमीणों ने 10 दिन पूर्व जिलाधिकारी रमेश रंजन से सबमर्सिबल खराब होने की शिकायत की थी। ग्रामीणों की शिकायत पर ग्राम विकास अधिकारी रजनेश कुमार ने सबमर्सिबल को ठीक कराने के लिए मजदूरों से सही कराया, लेकिन मजदूरों ने सबमर्सिबल को सही बताते हुए उसमें पड़ी केबल को खराब बताया। सबमर्सिबल की खराब केबल को सही न कराने से ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में बृजमोहन, मोहन सिंह, सतीश कुमार, डिप्टी सिंह, चतुर सिंह, ऊदल सिंह, रंजीत सिंह, नत्थू सिंह, संदीप कुमार, संतोष कुमार आदि हैं।
सबमर्सिबल में पड़ी केबल खराब थी। नई केबल पहुंचा दी गई है। अगर ग्राम प्रधान ने उसे बदलवाया नहीं है तो शनिवार को पहुंचकर बदलवा दिया जाएगा।
रजनेश कुमार, सचिव ग्राम पंचायत कुतुकपुर साहब, टूंडला