पेशी पर पहुंचे काबीना मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।
लोकसभा चुनाव 2014 की मतदान के दिन सुभाष तिराहे पर बवाल के मामले में नामजद प्रदेश सरकार के पशुधन, मत्स्य एवं लघु सिंचाई मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल अपने भाई के साथ न्यायालय पहुंचे। एडीजे सिक्स रिजवान अहमद की कोर्ट में पेश होने के बाद वह लौट गए।
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल पर लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के थाना दक्षिण, शिकोहाबाद और जसराना में और सुभाष तिराहे पर बवाल के मामले में थाना दक्षिण में अभियोग दर्ज है। शनिवार को लोकसभा चुनाव 2014 में मतदान के दिन सुभाष तिराहे पर बवाल के मामले में पड़ी तारीख पर प्रो. बघेल समर्थकों के साथ जनपद न्यायालय पहुंचे। अपर जिला जज षष्ठम के न्यायालय में कैबिनेट मंत्री प्रो. बघेल अपने भाई के साथ उपस्थित हुए। कैबिनेट मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल के अधिवक्ता शेर सिंह राजपूत ने बताया कि 24 अप्रैल 2014 को लोकसभा के मतदान वाले दिन सुभाष तिराहे पर हुए बवाल में न्यायालय में हाजिर होने को आए थे। उन्होंने कहा कि अगली सुनवाई की तिथि 16 जून तय की है। इस दौरान राजेश कुलश्रेष्ठ एडवोकेट, यतीश कुमार यादव एडवोकेट आदि रहे।
इधर, तारीख के बाद कोर्ट से बाहर निकलने पर कई फरियादियों ने उन्हें शिकायती पत्र सौंपे। उन्होंने भरोसा दिया कि शिकायत का निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान उनके साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता, रामनरेश कटारा, अशोक शर्मा हरि, सुरेंद्र राठौर, हनुमंत सिंह बघेल, अनिल भारद्वाज, श्रीनिवास शर्मा आदि रहे।