फिरोजाबाद। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए उपद्रव के बाद मृतक बन्ने खां को पाबंद करने के मामले को एसएसपी सचिंद्र पटेल ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने नालबंद चौकी प्रभारी के साथ दो कांस्टेबिलों को दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में निर्दोषों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
विगत बीस दिसंबर को विरोध प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने मारपीट, पथराव, फायरिंग और आगजनी की घटना को अंजाम दिया था। इसमें छह की मौत होने के साथ करीब एक सैकड़ा लोग घायल हो गए थे। इसमें पुलिस, प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ ही आम लोग भी शामिल थे। उपद्रव के बाद पुलिस एवं प्रशासन की ओर से शहर में 199 लोगों को पाबंद किए जाने की कार्रवाई की गई।
इसमें बाजे वाली गली निवासी मृतक बन्ने खां को पाबंद कर दिया था। बन्ने खां के परिजनों ने आलाधिकारियों को बताया कि उनकी छह वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है और उनका मृत्यु प्रमाणपत्र भी उनके पास है। वहीं सदर बाजार मस्जिद के सचिव एवं दरगाह अबरारिया के सज्जादानशीन कटरा पठानान निवासी सूफी अंसार हुसैन एवं शिक्षाविद बुजुर्ग फसाहतमीर खां को पाबंद कर दिया था।
पूर्व विधायक एवं प्रसपा जिलाध्यक्ष अजीम भाई ने भी इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। मानवाधिकार आयोग को भी शिकायत भेजी थी। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार सिंह को सौंपी। सीओ सिटी की रिपोर्ट आने के बाद एसएसपी सचिंद्र पटेल ने नालबंद चौकी प्रभारी राजीव चित्रांश एवं कांस्टेबिल पुष्पेंद्र एवं महेंद्र को दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि मृतक बन्ने खां एवं दोनों बुजुर्ग सूफी अंसार हुसैन एवं फसाहत मीर खां के खिलाफ की गई कार्रवाई को ले लिया है। उन्होंने कहा कि उपद्रव में किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।
फारुक थाना दक्षिण एवं सामून अली थाना रामगढ़ एसएसआई बनाए गए
फिरोजाबाद। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने उपद्रव के बाद शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने वाले थाना मक्खनपुर के एसएसआई मोहम्मद उमर फारुक को एसएसआई थाना दक्षिण एवं थाना पचोखरा में एसएसआई के पद पर तैनात सामून अली को एसएसआई थाना रामगढ़ में तैनात किया है। थाना दक्षिण से एसएसआई प्रदीप चतुर्वेदी को थाना मटसेना, एसएसआई थाना रामगढ़ रामकिशन को थाना रामगढ़ में तैनाती दी है। थाना मटसेना के एसएसआई कौशल किशोर को थाना दक्षिण की नालबंद चौकी प्रभारी बनाया है। वहीं पुलिस लाइन से एसआई विकल ढाका को थाना रसूलपुर में तैनात किया है।