फिरोजाबाद। ई-उद्योग आधार के माध्यम से एक आधार कार्ड से संचालित लगभग 966 इकाइयों का पंजीकरण उद्योग विभाग ने निरस्त कर दिया। जांच के दौरान ये सभी इकाइयां कागजों पर संचालित हो रही थी। उद्योग विभाग द्वारा आधार कार्ड के माध्यम से ई-उद्योग आधार नामक विभागीय साइट पर इकाई पंजीकरण कराने का प्रावधान है। इस पोर्टल पर दर्ज इकाइयों को औद्योगिक गतिविधियों से जुड़ी योजना का लाभ पंजीकृत इकाइयों को दिया जाता है।
वर्तमान में पोर्टल पर करीब 2900 इकाइयां पंजीकृत हैं। शासन द्वारा जारी निर्देशों के बाद जिले के उद्योग विभाग ने सभी इकाइयों की गत मई-जून में स्थलीय परीक्षण कराया। स्थलीय जांच में 966 इकाइयां कागज पर दौड़ती मिलीं। जांच के बाद उद्योग विभाग ने कागज पर दौड़ रहीं इन इकाइयों के पंजीकरण निरस्त कर दिए। जिला उद्योग के सहायक विकास अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि कई इकाइयां महज एक आधार पर पंजीकृत थीं। जांच के दौरान इकाईयाें के संचालक भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।