फिरोजाबाद। फिरोजाबाद विकास प्राधिकरण नं मंगलवार को टूंडला स्थित दो अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। दोनों कॉलोनियों में दो दर्जन से अधिक प्लाटों की नींव को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त करा दिया गया। इस दौरान विप्रा अधिकारी व पुलिस बल मौजूद रहे।मानचित्र स्वीकृत कराए बगैर अलग-अलग तहसील क्षेत्रों में विकसित की जा रहीं कॉलोनियों पर फिरोजाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा सख्ती की जा रही है। बीते दिन शिकोहाबाद और फिरोजाबाद स्थित पांच बड़ी कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई। मंगलवार को प्राधिकरण उपाध्यक्ष घनश्याम मीणा के निर्देश पर टूंडला तहसील के बसई स्थित विनायक वाटिका पर कार्रवाई हुई। विप्रा के अफसरों ने लगभग 4000 वर्गमीटर क्षेत्र में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में भरवाई प्लाटों की नींव को ध्वस्त करा दिया।
कॉलोनी में स्थित भूमि की कीमत लगभग चार करोड़ रुपये बताई गई है। कार्रवाई के अगले क्रम में प्राधिकरण की टीम मौजा बाघई स्थित महावीर टोल प्लाजा कॉलोनी पर पहुंची। यहां पर भी करीब 6000 वर्गमीटर भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। उक्त कॉलोनी में भरवाई गई दस से अधिक प्लाटों की नींव को बुलडोजर की मदद से उखड़वा दिया गया। जिस जगह पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी, उसकी कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान राकेश कुमार तोमर, प्रदीप राजपूत के अलावा क्षेत्रीय पुलिस बल तैनात रहा।