सिरसागंज। नगर के अरांव रोड पर शुक्रवार को दो वर्ष बाद पीडब्ल्यूडी ने पुलिस व प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया।
अरांव रोड को स्मार्ट रोड बनाने के लिए अगस्त 2022 में चौड़ीकरण एंव सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव पास हुआ था। उस समय कई लोगों ने अपने मकान खुद ही तोड़ लिए थे, जबकि कुछ ने कोर्ट की शरण ली थी। बीच में भी कई बार प्रशासन ने सड़क पर अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया। दो साल बीतने के बाद भी अभी तक स्मार्ट रोड नहीं बन सका है। शुक्रवार को एक बार फिर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया। पीडब्ल्यूडी, तहसील प्रशासन तमाम पुलिस फोर्स लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंचा तो अफरा तफरी मच गई।
दो बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम सिरसागंज रंजीत सिंह, सीओ सिरसागंज विनीत कुमार, पीडब्ल्यूडी के एई जनशेर सैनी राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जबकि पीडब्ल्यूडी विभाग के एई जनशेर सैनी ने बताया अरांव रोड पर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा था तो चार स्थानीय लोगों द्वारा पूर्व में किए गए अतिक्रमण को हटाने के बजाय उसको बचाने के लिए हाईकोर्ट चले गए थे। इसके बाद एक व्यक्ति की रिट खारिज हो गई है इसके कारण अब अतिक्रमण हटाया जा रहा है।