फिरोजाबाद। ड्यूटी कर रहे एक पीआरवी कॉस्टेबल को सड़क पर सांड़ ने घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल सिपाही को साथी पुलिसकर्मी उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे।
गोरेलाल (55) पीआरवी टीम पर तैनात हैं। मंगलवार की शाम को सिपाही गोरेलाल थाना दक्षिण क्षेत्रांर्गत हिमांयूपुर नाले के पास ड्यूटी कर रहे थे। इसी बीच सांड़ ने सिपाही पर हमला कर दिया। सांड़ के हमले से सिपाही के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों मे गंभीर चोटें आईं। वहीं साथी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से सांड़ को वहां से भगाकर सिपाही को बचाया। घायल सिपाही को साथी पुलिसकर्मी उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। सिपाही को अस्पताल में भर्ती किया गया है। एसओ दक्षिण नरेंद्र कुमार शर्मा घायल पीआरवी कर्मी का हालचाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे।
एक अन्य हादसे में महिला सिपाही मंजू देवी घायल हो गईं। वह थाना सिरसागंज में तैनात हैं। खंदारी निवासी महिला सिपाही मंगलवार शाम को ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रही थीं। स्कूटी फिसल जाने से वह घायल हो गईं। पुलिसकर्मी उचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए।